डबरा। ग्वालियर जिले के डबरा थाना क्षेत्र के लखिया गांव में कथित ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक पिता ने अपनी 33 वर्षीय बेटी की प्रेम संबंधों से नाराज होकर हत्या कर दी और अपने दो बेटों की मदद से शव को खेत में ले जाकर जला दिया। घटना का खुलासा वारदात के 26 दिन बाद हुआ है। पुलिस ने पिता और दोनों बेटों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, लखिया गांव निवासी किसान किशन गुर्जर (70) ने पूछताछ में बताया कि उसकी बेटी जूली गुर्जर के गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध थे। कुछ दिन पहले जूली घर छोड़कर चली गई थी, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद कर परिवार को सौंप दिया था। इसके बाद भी वह संबंध खत्म करने को तैयार नहीं थी, जिससे परिवार में तनाव बना हुआ था।


बताया गया है कि 8 मई की रात पिता और बेटी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में आकर किशन ने जूली का गला दबा दिया और बाद में उसे फंदे पर लटका दिया। इसके बाद उसने अपने बेटों रामसेवक और दीपू को बुलाया। तीनों ने रात में शव को ट्रैक्टर से खेत तक पहुंचाया और नहर किनारे उसका अंतिम संस्कार कर दिया। शव के अवशेषों को खेत में ही दबा दिया गया और कुछ हड्डियां इधर-उधर फेंक दी गईं।


घटना के बाद परिवार ने किसी को जानकारी नहीं दी। मृतका की आत्मा की शांति के लिए गुप्त रूप से पूजा-पाठ और कन्याभोज भी कराया गया। हालांकि गांव में जूली के अचानक गायब होने को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। संदेह के आधार पर पुलिस ने 3 जून को पिता और दोनों बेटों से पूछताछ की, जिसमें पूरा मामला सामने आया।


पुलिस ने घटनास्थल से हड्डियों के अवशेष बरामद कर जांच के लिए भेजे हैं। एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि फिलहाल हत्या की पुष्टि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही होगी। लैब रिपोर्ट आने के बाद डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। रिपोर्ट में अवशेषों के जूली के होने की पुष्टि होने पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


मृतका जूली गुर्जर का विवाह वर्ष 2010 में हुआ था। वैवाहिक विवाद के चलते वह पिछले तीन वर्षों से अपने मायके में रह रही थी। उसका एक बेटा भी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।