सतना, अंबिका केशरी। एक 85 वर्षीय बुजुर्ग को सरकारी अभिलेखों में मृत दर्शाकर उनकी पुश्तैनी जमीन का नामांतरण कराने और बाद में उसे बेचने के मामले में कोठी पुलिस ने दो सगे भाइयों एवं एक निलंबित पटवारी के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, मूलतः कोठी निवासी ईश्वरदीन सोनी (85) वर्तमान में कामता टोला, सतना में निवासरत हैं। उनके स्वामित्व में कोठी क्षेत्र में लगभग 0.1680 हेक्टेयर पुश्तैनी भूमि दर्ज है। आरोप है कि उनके भतीजे रामकरण सोनी और कताहुर सोनी ने जमीन हड़पने की नीयत से फर्जी पंचनामा रिपोर्ट तैयार कराई और तत्कालीन हल्का पटवारी प्रवीण सिंह से सांठगांठ कर 12 जून 2025 को उक्त भूमि का वारसाना नामांतरण अपने नाम करा लिया।


नामांतरण के बाद आरोपियों ने कथित रूप से पूरी भूमि करीब 9 लाख रुपये में बेच दी। जब इस फर्जीवाड़े की जानकारी ईश्वरदीन सोनी को लगी तो उन्होंने जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस से शिकायत की। कलेक्टर के निर्देश पर हुई प्रशासनिक जांच में पूरे मामले में गड़बड़ी और फर्जीवाड़ा सामने आया।


जांच रिपोर्ट के आधार पर कोठी तहसीलदार सौरभ द्विवेदी ने मंगलवार को प्रकरण की रिपोर्ट कोठी थाने में प्रस्तुत की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी रामकरण सोनी, कताहुर सोनी तथा तत्कालीन हल्का पटवारी प्रवीण सिंह के खिलाफ अपराध क्रमांक 159/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 61 के तहत मामला कायम किया है।


पुलिस का कहना है कि प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।