वॉशिंगटन। अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने ईरान के खिलाफ बड़े आर्थिक अभियान का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका का लक्ष्य तेहरान की आर्थिक जीवनरेखाओं को काटकर उसे पूरी तरह अलग-थलग करना है। साथ ही उन्‍होंने चेतावनी भी दी क‍ि जो लोग खुद को तेहरान से जोड़कर रखेंगे उन्‍हें भी नतीजा भुगतना होगा।

अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट में ल‍िखा, ''द्वितीय विश्व युद्ध में 'डी-डे' उस ऐतिहासिक अभियान की शुरुआत थी, जिसमें हमने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर दुश्मन को उसके ठिकानों से, यहां तक कि तीसरे देशों में मौजूद ठिकानों से भी, निशाना बनाया और वहां से पीछे हटने पर मजबूर किया था। आज उसी भावना के साथ हम दुनिया भर में ईरान के वित्तीय संबंधों के खिलाफ एक बड़ा आर्थिक अभियान शुरू कर रहे हैं।''

उन्‍होंने कहा क‍ि हमारा लक्ष्य इस दमनकारी शासन को सहारा देने वाली हर आर्थिक जीवनरेखा को काट देना है, जब तक कि तेहरान पूरी तरह अकेला न पड़ जाए।

बेसेंट ने बताया क‍ि राष्ट्रपति ट्रंप ने ऐसा कदम उठाया है, जिसे उनके पूर्ववर्ती लंबे समय से टालते रहे थे। उनके नेतृत्व में अमेरिका अब केवल ईरान से जुड़े खतरे को संभालने या नियंत्रित करने की कोशिश नहीं कर रहा है, बल्कि उसे पूरी तरह खत्म करने की दिशा में काम कर रहा है।

उन्‍होंने कहा क‍ि जो लोग अमेरिका के साथ खड़े होंगे, उन्हें हमारी साझेदारी के फायदे मिलेंगे। लेकिन जो लोग खुद को तेहरान से जोड़कर रखेंगे, उन्हें भी एक कमजोर पड़ते और अलग-थलग होते जा रहे शासन के साथ अलगाव का सामना करना पड़ेगा।

ईरान के ख‍िलाफ शुरू क‍िए गए आर्थिक 'डी-डे' अभ‍ियान को को लेकर इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेर‍िकी राष्‍ट्रपत‍ि डोनाल्‍ड ट्रंप और ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट बधाई दी।

नेतन्याहू ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट में ल‍िखा, ''राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट को ईरानी शासन के खिलाफ लगाए गए नए प्रतिबंधों के लिए बधाई। आपने इस कठोर और दमनकारी तानाशाही सरकार पर और उसकी आक्रामक गतिविधियों को जारी रखने में मदद करने वालों पर, उचित रूप से भारी कीमत लगाई है। यह कदम उन लोगों के लिए एक मजबूत संदेश है जो इस शासन का सहयोग कर रहे हैं कि उन्हें भी इसके परिणामों का सामना करना पड़ सकता है।''