छतरपुर, संजय अवस्थी। राहत आयुक्त, मध्यप्रदेश द्वारा जारी मौसम चेतावनी के अनुसार छतरपुर जिले में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। जिले में 07 सितंबर 2026 की सुबह 8:30 बजे तक कुछ स्थानों पर 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक भारी वर्षा होने का अनुमान है।
मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक बारिश के दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम को देखते हुए प्रशासन ने जिले के नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थान पर रहें। विशेष रूप से आकाशीय बिजली के दौरान खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और अन्य असुरक्षित स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने नागरिकों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।




