पूर्णिया। बिहार की कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के एनके यादव ने जीत दर्ज की। जीत हासिल करने के बाद एनके यादव ने इस जीत का श्रेय मतदाताओं को दिया है।

आईएएनएस से बातचीत में एनके यादव ने कहा कि जीत का श्रेय सभी स्नातक मतदाता और हमारे कार्यकर्ताओं को जाता है। मैं अपने शीर्ष नेतृत्व को बधाई देता हूं कि आपने तीसरी बार मुझ पर विश्वास किया।

एनके यादव की जीत पर बिहार भाजपा चीफ संजय सरावगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बधाई दी। उन्होंने लिखा कि कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी डॉ. एन. के. यादव को शानदार विजय पर धाई एवं शुभकामनाएं। आपके सफल एवं यशस्वी कार्यकाल की मंगलकामनाएं। इस विजय के लिए सभी मतदाताओं एवं समर्पित कार्यकर्ताओं का आभार।

बिहार भाजपा की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा गया कि बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 में कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा-एनडीए उम्मीदवार के रूप में विजय प्राप्त करने पर डॉ एन. के. यादव को बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं।

दूसरी ओर, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित जनता दल (यू) के प्रत्याशी नीरज कुमार ने जीत हासिल की। बिहार जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नीरज कुमार को बधाई दी।

उमेश कुशवाहा ने पोस्ट में लिखा कि उनकी ऐतिहासिक एवं शानदार जीत पर बधाई एवं शुभकामनाएं। ​यह विजय हमारे सर्वमान्य नेता एवं ‘विकास पुरुष’ नीतीश कुमार के पिछले 20 वर्षों के सुशासन और विकास कार्यों पर जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है। साथ ही, पटना के प्रबुद्ध स्नातक मतदाताओं ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की विकासपरक जोड़ी पर भी अपने भरोसे की मुहर लगाई है। ​इस ऐतिहासिक विजय के लिए पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सभी सम्मानित मतदाताओं तथा एनडीए के एक-एक देवतुल्य कार्यकर्ता साथी के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करता हूं।