तिरुमला, रोहित पाठक। बागेश्वर सरकार ने शनिवार को तिरुमला स्थित भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी के दिव्य सुप्रभात दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। दर्शन के उपरांत उन्होंने अपने आध्यात्मिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि प्रातःकाल श्री वेंकटेश्वर स्वामी ठाकुर जी के अलौकिक सुप्रभात दर्शन का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने समस्त बागेश्वर धाम परिवार एवं देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी के श्रीचरणों में सुख, समृद्धि और मंगल की प्रार्थना की।
बागेश्वर सरकार ने कहा कि तिरुमला का यह पावन धाम भू-वैकुंठ के नाम से विख्यात है, जहाँ भगवान श्रीहरि स्वयं श्री बालाजी के रूप में विराजमान हैं। उन्होंने भगवान से प्रार्थना करते हुए कहा कि सनातन धर्म का उत्थान हो, समस्त विश्व का कल्याण हो तथा हिंदू, हिंदुत्व और हिंदुस्तान की जय हो। उन्होंने यह भी कामना की कि इस सृष्टि का कोई भी प्राणी न भूखा रहे, न प्यासा रहे और न ही दुःखी रहे, बल्कि सभी सुखी, स्वस्थ, समृद्ध और प्रसन्न जीवन व्यतीत करें।
उन्होंने कहा कि लोककल्याण, मानवता की सेवा और विश्व शांति की इसी मंगल भावना के साथ तिरुपति बालाजी की पावन नगरी में श्री वेंकटेश्वर बालाजी एवं बागेश्वर बालाजी का दिव्य मिलन हुआ। इस अवसर पर उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं से भी धर्म, सेवा और मानव कल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया।




