दिनदहाड़े अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, रंजिश का आरोप

Advertisement
शिवपुरी। शिवपुरी जिला में शनिवार को दिनदहाड़े एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना करैरा कस्बे की है। बताया जा रहा है कि 57 वर्षीय अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना रोज की तरह बाइक से न्यायालय जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
जानकारी के अनुसार, संजय सक्सेना घिरियाली मोहल्ला, पुराना बाजार के निवासी थे। वारदात करैरा क्षेत्र के किले के पीछे स्थित आनंद सागर मंदिर के पास सिद्धन रोड पर हुई। हमलावर पैदल थे या किसी वाहन से आए थे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
दूसरे अधिवक्ता ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के कुछ देर बाद उसी मार्ग से गुजर रहे एक अन्य अधिवक्ता की नजर सड़क पर घायल पड़े संजय सक्सेना पर पड़ी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जमीन विवाद और रंजिश का आरोप
मृतक के भाई अधिवक्ता कुलदीप सक्सेना ने आरोप लगाया है कि गांव सिगदाऊआ के कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या कराई है। बताया गया कि संजय सक्सेना ने पूर्व में किशोरी जाटव की जमीन का मामला लड़ा था, जिसमें फैसला उनके पक्ष में आया था। इसके बाद से आरोपियों द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही थीं।
परिजनों के अनुसार, संजय सक्सेना मिठुआ जाटव के पक्ष में एक अन्य जमीन विवाद का प्रकरण भी देख रहे थे। आरोप है कि मामले से हटने और राजीनामा कराने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा था। यहां तक कि 12 लाख रुपये देकर हत्या कराने की बात भी सामने आई है।
परिजनों ने चुनावी रंजिश का भी जिक्र किया है। उनका कहना है कि पूर्व में उनकी छह बीघा जमीन में खड़ी मूंगफली की फसल उजाड़ दी गई थी, जिसकी शिकायत दिनारा थाने में की गई थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों को तलाशने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में घटना के पूर्व नियोजित होने की आशंका जताई गई है।
अभिभाषक संघ की चेतावनी
अभिभाषक संघ के सचिव राम नरेश तिवारी ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो सोमवार से न्यायालय का कार्य बहिष्कार कर हड़ताल की जाएगी। साथ ही थाने के बाहर धरना प्रदर्शन भी किया जाएगा।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
