छतरपुर, शिवम सोनी। महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के टटम गांव में सड़क, पुलिया और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर स्वतंत्रता दिवस पर किए गए प्रदर्शन के मामले में पुलिस कार्रवाई से नाराज ग्रामीण बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रदर्शन से जुड़े लोगों पर दर्ज एफआईआर निरस्त करने की मांग की।


ग्रामीणों का कहना है कि गांव की समस्याओं के समाधान के लिए पहले भी प्रशासनिक अधिकारियों को आवेदन दिए गए थे, लेकिन समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ। इसके बाद 15 अगस्त को ग्राम पंचायत परिसर के बाहर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चे भी शामिल हुए थे।


प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक कामाख्या प्रताप सिंह और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया था। ग्रामीणों के मुताबिक पुलिस ने मामले में दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जबकि आठ लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। कार्रवाई के विरोध में ग्रामीण स्कूली बच्चों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और एफआईआर निरस्त करने की मांग रखी।


ग्रामीणों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांग हरम से मधुपुरवा तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण, हरनपुरा में पुलिया निर्माण और टटम के वार्ड क्रमांक 20 में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जनसमस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की है।