सतना, अंबिका केशरी। जिले में एक महिला ने युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दैहिक शोषण करने, बाद में मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों को शिकायत सौंपकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


पीड़िता के अनुसार वह दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्यरत थी, जहां उसकी मुलाकात प्रिंस सिंह नामक युवक से हुई। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उससे प्रेम संबंध स्थापित कर शादी का वादा किया और इसी भरोसे पर नवंबर 2025 से लगातार शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत में कहा गया है कि दिसंबर 2025 से मई 2026 तक आरोपी शादी का आश्वासन देता रहा।


महिला ने आरोप लगाया कि 18 मई 2026 को आरोपी उसे सतना बुलाकर एक होटल में ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध गलत कार्य किया गया। बाद में जब वह आरोपी के गांव पहुंची और शादी की बात की, तो आरोपी तथा उसके परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और धमकियां देकर वहां से भगा दिया।


पीड़िता का कहना है कि उसने मामले की शिकायत कोटर थाना में दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई। इसके बाद उसने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को आवेदन देकर न्याय की मांग की है। फिलहाल मामला पुलिस के संज्ञान में है और अधिकारियों द्वारा शिकायत की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।