छतरपुर, संतोष शिवहरे। जिला मुख्यालय के लवकुशनगर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने अपने पति, ससुर और सास पर मारपीट करने, मंगलसूत्र छीनने और जान से मारने की नीयत से साड़ी में आग लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। विधायक कॉलोनी लवकुशनगर निवासी आवेदिका रागिनी सिंह पत्नी प्रदीप सिंह ने इस क्रूरता के खिलाफ पुलिस अधीक्षक छतरपुर को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।


शिकायत के मुताबिक, रागिनी सिंह का विवाह वर्ष 2014 में प्रदीप सिंह के साथ हुआ था और उनके दो बेटे हैं। पति-पत्नी के बीच वैचारिक मतभेद के कारण न्यायालय द्वारा भरण-पोषण का आदेश दिया गया था और आवेदिका उसी मकान में रह रही थी, लेकिन उसके पति और ससुर राजेंद्र सिंह जबरन मकान का बिजली कनेक्शन काट कर उसे प्रताडि़त कर रहे थे। हद तो तब हो गई जब 10 जून 2026 की रात करीब 8:00 बजे पति प्रदीप सिंह और ससुर राजेंद्र सिंह जबरन घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे।


पीडि़ता को कमरे में बंद कर जब आरोपी भाग गए, तब उसने महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 पर कॉल किया, जिसके बाद पुलिस ने आकर उसे बाहर निकाला। इस पूरी घटना को मोहल्ले की दो महिलाओं ने भी देखा है। आवेदिका का आरोप है कि उसके ससुराल वाले आपराधिक प्रवृत्ति और राजनीतिक पहुंच वाले लोग हैं, जिसके कारण स्थानीय लवकुशनगर थाना पुलिस ने पति-पत्नी का आपसी विवाद बताकर उसे थाने से भगा दिया और कोई कार्रवाई नहीं की। पीडि़ता ने आशंका जताई है कि उसे कभी भी घर से निकाला जा सकता है और उसके साथ कोई भी अनहोनी हो सकती है, इसलिए उसने एसपी से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।