छतरपुर, संतोष शिवहरे। ओरछा रोड थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुरा गांव में खेत पर काम कर रही एक महिला के साथ दबंगों द्वारा लाठी-डंडों से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


जानकारी के अनुसार लक्ष्मणपुरा निवासी तेज कुमारी यादव (53) पत्नी अर्जुन कुशवाहा शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने खेत में लगी फसल की सिंचाई कर रही थीं। इसी दौरान गांव के ही महेंद्र यादव, रामस्वरूप यादव और धर्म यादव लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे और विवाद करते हुए महिला पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने महिला के साथ जमकर मारपीट की, जिससे उसके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।


घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके हाथ में फ्रैक्चर होने की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।


पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं महिला का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। थाना प्रभारी दीपक यादव ने बताया कि महिला के साथ मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।