छतरपुर/चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। चंदला थाना क्षेत्र के ग्राम बरुआ में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ एक घर में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर लीक होने से भीषण आग लग गई। इस मर्मान्तिक हादसे में रसोई में काम कर रही तीन सगी बहनें गंभीर रूप से झुलस गईं। वहीं, आग की लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पीड़ित परिवार का लाखों रुपये का गृहस्थी का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।

पीड़ित परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बरुआ निवासी मूलचंद रजक की तीन पुत्रियाँ वंदना रजक, रोशनी रजक और उमाकांति रजक सुबह किचन में चूल्हे पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान रसोई में रखे गैस सिलेंडर से अचानक तेजी से गैस का रिसाव (लीकेज) होने लगा। जब तक बहनें कुछ समझ पातीं, तब तक चूल्हे से निकली चिंगारी ने लीक हो रही गैस को पकड़ लिया और देखते ही देखते पूरी रसोई में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की चपेट में आने से तीनों बहनें गंभीर रूप से झुलस गईं। इस भीषण अग्निकांड में मूलचंद रजक का मकान और उसमें रखा अनाज, कपड़े, बर्तन सहित करीब ढाई से तीन लाख रुपये का सामान जलकर तहस-नहस हो गया है।

इस दर्दनाक हादसे के बीच राहत की बात यह रही कि घटना के वक्त घर में मौजूद छोटे-छोटे मासूम बच्चों को स्थानीय लोगों और परिजनों की सूझबूझ से समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बच्चों की जान बाल-बाल बच गई। हादसे के बाद झुलसी हुई तीनों युवतियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनका उपचार किया जा रहा है। इस अग्निकांड ने गरीब पीड़ित परिवार को पूरी तरह से सड़क पर ला दिया है। पीड़ित मकान मालिक मूलचंद रजक ने रो-रोकर अपनी व्यथा सुनाते हुए शासन और जिला प्रशासन से इस संकट की घड़ी में उचित मुआवजे और आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की गुहार लगाई है।