पन्ना। जिले के शाहनगर विकासखंड के मेन्हा संकुल अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला भोपार में प्रधानाध्यापक की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। कक्षा 8वीं उत्तीर्ण करने वाले दो छात्रों के स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टीसी) में उनके चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी दर्ज कर दी गई। टीसी में लिखा गया कि दोनों छात्रों का "चरित्र अच्छा नहीं है" तथा वे "सरकारी दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ करते हैं"। इस टिप्पणी से छात्रों के भविष्य पर संकट की स्थिति बन गई और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।


अभिभावकों का कहना है कि इस तरह की टिप्पणी से बच्चों की छवि खराब होने के साथ-साथ आगे प्रवेश और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं में भी परेशानी आ सकती थी। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर टीसी से टिप्पणी हटाने तथा संबंधित प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले में प्रधानाध्यापक सत्या सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले, जिससे उनका पक्ष सामने नहीं आ सका।


जिला शिक्षा अधिकारी आकांक्षा रावत ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आने के बाद डीपीसी से चर्चा की गई। जांच के बाद दोनों छात्रों के स्थानांतरण प्रमाण-पत्र में सुधार कर नए टीसी जारी कर दिए गए हैं, ताकि उनके भविष्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। वहीं अभिभावकों ने दोषी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की मांग भी दोहराई है।