छतरपुर, शिवम सोनी। सड़क हादसे में घायल 45 वर्षीय व्यक्ति की गुरुवार को जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान रामकुमार (45) पिता कमल, निवासी कोटरा, थाना महोबकंठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रामकुमार 29 जून को अलीपुर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह से लौटते समय वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। गंभीर हालत में उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक के पुत्र राहुल वर्मा ने बताया कि उनके पिता घर से बीज खरीदने के लिए करीब 25 हजार रुपये लेकर निकले थे। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन पहले अलीपुर थाना पहुंचे, जहां उन्हें दुर्घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद जब वे जिला अस्पताल पहुंचे तो उन्हें मृतक का मोबाइल फोन और केवल 1,500 रुपये नकद मिले। परिजनों का आरोप है कि रामकुमार की जेब में रखी करीब 25 हजार रुपये की नकदी गायब है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर गायब रकम का पता लगाने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




