अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। जिले के औद्योगिक क्षेत्र पड़क्का में करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा संदीपनी विद्यालय भवन उद्घाटन से पहले ही बारिश में सीलन और लीकेज की समस्या से जूझता नजर आ रहा है। विद्यालय का तीन मंजिला भवन कई एकड़ में बनाया जा रहा है और कुछ ही दिनों बाद इसका लोकार्पण प्रस्तावित है। इससे पहले भवन के कमरों में जगह-जगह नमी और सीलन दिखाई देने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, बारिश के दौरान भवन के कुछ हिस्सों में पानी अंदर पहुंचने की बात सामने आई है। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के उप-प्राचार्य जयशंकर गौतम ने भवन के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया, जहां कई स्थानों पर सीलन और नमी दिखाई दी। विद्यालय अभी शुरू भी नहीं हुआ है, ऐसे में उद्घाटन से पहले ही इस तरह की समस्या सामने आने पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
उप-प्राचार्य जयशंकर गौतम ने बताया कि भवन का निर्माण पीआईयू के अंतर्गत कराया जा रहा है और निर्माण कार्य मोहनलाल कंस्ट्रक्शन को दिया गया है। निरीक्षण के दौरान सीलन की समस्या सामने आने के बाद ठेकेदार को जल्द सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उद्घाटन से पहले सामने आई खामी
करीब 45 करोड़ रुपये की लागत वाले इस भवन से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। लेकिन भवन के उपयोग में आने से पहले ही बारिश का पानी अंदर पहुंचने और दीवारों में सीलन दिखाई देने से निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। सवाल यह भी है कि यदि अभी से लीकेज की समस्या सामने आ रही है, तो आने वाले वर्षों में भवन की मजबूती और टिकाऊपन कितना भरोसेमंद रहेगा।
सरकारी धन की सुरक्षा भी अहम
करोड़ों रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस विद्यालय में विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ सरकारी धन की सुरक्षा भी जुड़ी हुई है। ऐसे में सिर्फ लीकेज की मरम्मत कर देना पर्याप्त नहीं माना जा सकता। जरूरत इस बात की है कि निर्माण की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराई जाए, सामने आई खामियों के कारणों का पता लगाया जाए और जिम्मेदारी तय की जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि उद्घाटन से पहले सामने आई ये कमियां भविष्य में किसी बड़ी समस्या का कारण न बनें।




