मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मंदसौर जिला पुलिस ने अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय कुख्यात बागरीया चोर गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह शातिर गिरोह मध्य प्रदेश सहित देश के 5 अलग-अलग राज्यों में चोरी और नकबजनी की 17 बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के कुशल निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से इस गिरोह के 3 प्रमुख सदस्यों को धर दबोचा है, जबकि मामले में संलिप्त 4 अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

मंदसौर में जुलाई माह में सूने मकान को बनाया था निशाना

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, इस गैंग ने जुलाई माह में मंदसौर शहर के एक सूने मकान का ताला तोड़कर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया था। लगातार बढ़ रही वारदातों की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस टीमों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। पड़ताल के दौरान पता चला कि यह गिरोह मध्य प्रदेश के इंदौर और रतलाम के अलावा राजस्थान, महाराष्ट्र, दिल्ली और हरियाणा के गुड़गांव (गुरुग्राम) में भी कई बड़ी चोरियों को अंजाम देकर फरार हो चुका है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकबजनी में इस्तेमाल किए जाने वाले घातक हथियार बरामद किए हैं।


पानी मांगने के बहाने करते थे रैकी, फिर रात में डालते थे डाका

पूछताछ में आरोपियों के काम करने के शातिर तरीके (मोडस ऑपरेंडी) का भी खुलासा हुआ है। गिरोह के सदस्य दिन के समय रिहायशी कॉलोनियों में घूमते थे और लोगों के घरों का दरवाजा खटखटाकर पीने के लिए पानी मांगते थे। इसी बहाने वे यह भांप लेते थे कि घर में कौन-कौन मौजूद है और कौन से मकान सूने पड़े हैं। रैकी पूरी करने के बाद गिरोह के सदस्य देर रात हथियारों से लैस होकर आते और सूने मकानों के ताले चटकाकर कीमती जेवरात व नकदी समेटकर दूसरे राज्य भाग जाते थे।


आरोपियों से पूछताछ जारी, खुल सकते हैं अन्य बड़े राज

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय से रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ में अन्य राज्यों में की गई चोरियों का माल भी बरामद हो सकता है और गिरोह के फरार चार साथियों के छिपने के ठिकानों की महत्वपूर्ण सुराग हाथ लग सकते हैं।


"मंदसौर पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय बागरीया गिरोह के तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने एमपी, राजस्थान, महाराष्ट्र, दिल्ली और हरियाणा समेत 5 राज्यों में 17 स्थानों पर चोरी की वारदातें कबूल की हैं। आरोपियों के पास से ₹20 लाख के सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए हैं। गिरोह के चार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें भेजी गई हैं।"

विनोद कुमार मीना, एसपी, मंदसौर