छतरपुर, संदीप यादव। शहर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत मरघट पहाडिय़ा में रात्रि के समय घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त 2 देशी कट्टे, कारतूस और 2 चाकू बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी और अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाला आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी रजत सकलेचा ने मामले का खुलासा करते बताया कि 14-15 सितंबर 2026 को मरघट पहाडिय़ा निवासी फरियादी अरविंद सोनी के घर में रात्रि के समय अज्ञात बदमाशों ने घुसकर लूटपाट की थी, जिस पर थाना सिविल लाइन में भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक छतरपुर रजत सकलेचा के निर्देशन में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने भौतिक व तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर तंत्र की मदद से लूट की वारदात में शामिल तीन आरोपियों पृथ्वीराज खंगार निवासी ग्राम हटवा, थाना प्रकाश बम्हौरी, हाल छुई खदान छतरपुर, पवन उर्फ पिरी गुप्ता निवासी ग्राम हटवा और प्रवेश उर्फ छोटू कुशवाहा निवासी सटई रोड, मरघट पहाडिय़ा के पास छतरपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों में 2 मंगलसूत्र, 4 चांदी की पायल, चूड़ी, छल्ला और जंजीर जब्त की है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सिविल लाइन आशुतोष श्रोत्रिय, साइबर प्रभारी और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




