हटा/गैसाबाद, सुदीप नगरिया। कस्बे में मानवता और पुलिस की सतर्कता की मिसाल उस समय देखने को मिली, जब गैसाबाद पेट्रोल पम्प के पास एक लगभग 2 वर्षीय मासूम बच्चा अज्ञात रूप से अकेले घूमता हुआ मिला। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को असहाय अवस्था में देखा तो तत्काल इसकी सूचना गैसाबाद पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर थाने ले आई। थाने में बच्चे से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की गई तथा संभावित परिजनों की तलाश शुरू की गई।
खोजबीन के बाद बच्चे की पहचान नसीब खां, पिता मुक्कदर खान, उम्र 2 वर्ष, निवासी गैसाबाद के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन थाने पहुंचे, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। अपने मासूम को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखें नम हो गईं और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
यह सराहनीय कार्य थाना प्रभारी सौरभ शर्मा,प्रा.आ.अरविंद तिवारी, आरक्षक संदीप कुर्मी एवं समस्त पुलिस स्टाफ की तत्परता और संवेदनशीलता से संभव हो सका। स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की इस मानवीय पहल की प्रशंसा की है।



