रियाद। रियाद के फाइनेंशियल सेंटर के टावर पर मंगलवार को हुए हमले में दो भारतीय भी घायल हुए हैं। रियाद में मौजूद भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि की है।

दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। उसने बताया कि रियाद पर हुए हमले में दो भारतीय नागरिक घायल हो गए हैं। दूतावास इससे संबंधित जानकारी जुटा रहा है और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।

हूती ने मंगलवार को भी सऊदी अरब के उन इलाकों पर हमला किया, जो कभी देश की पहचान हुआ करती थी। इन्हीं में से एक रियाद का फाइनेंशियल सेंटर टावर है। इसी पर हमला किया गया जिसमें दो भारतीय नागरिकों समेत कुल 11 लोग घायल हो गए।

सऊदी सिविल डिफेंस ने भी इसकी तस्दीक की। बताया कि, घायलों में भारत के अलावा सऊदी अरब, नेपाल और मिस्र के नागरिक भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, 'रियाद शहर में फाइनेंशियल सेंटर के एक टावर पर हूती ने हमला किया, जिसमें 11 लोग घायल हो गए। घायलों में दो सऊदी नागरिक, दो भारतीय नागरिक, तीन नेपाली नागरिक और चार मिस्र के नागरिक शामिल हैं।'

उन्होंने आगे बताया कि 'घटना के तुरंत बाद संबंधित अधिकारियों ने कार्रवाई की, ऐसे मामलों से निपटने के लिए निर्धारित सभी प्रक्रियाओं और उपायों को लागू किया, और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए।'

सऊदी अरब ने भी मंगलवार देर रात यमन की राजधानी सना में बम बरसाए।

हूती-संचालित अल-मसीराह टीवी ने बताया कि सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास के इलाके को सऊदी ने निशाना बनाया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी एक बयान में, हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरिया ने कहा कि पिछले 24 घंटों में सऊदी बलों ने पूरे यमन में 72 हवाई हमले और मिसाइल हमले किए हैं। उन्होंने दावा किया कि इन हमलों में आम नागरिक हताहत हुए हैं।

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, ये हमले यमन के हूती समूह और सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन समर्थित सरकारी बलों के बीच बढ़ती शत्रुता के बीच हुए हैं।