बमीठा, अशोक नामदेव। बमीठा पुलिस को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक हौंडा सिटी कार से 19 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। हालांकि पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार दोपहर में पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि सफेद रंग की हौंडा सिटी कार में मड़ला क्षेत्र से अवैध अंग्रेजी शराब भरकर बमीठा की ओर लाई जा रही है। सूचना मिलते ही चंद्रनगर चौकी प्रभारी एसआई मोहर सिंह सिकरवार ने वाहन का पीछा शुरू किया। वहीं बमीठा थाना प्रभारी बाल्मीकि चौबे भी पुलिस बल के साथ सक्रिय हो गए।
पुलिस की कार्रवाई से घबराए आरोपियों ने बमीठा के शांतिनगर मार्ग पर कार क्रमांक DL 9CU 1650 को छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। तलाशी लेने पर वाहन से 19 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें 6 पेटी (72 लीटर) एवं 13 पेटी में 650 क्वार्टर (117 लीटर) शराब पाई गई।
जब्त शराब एवं हौंडा सिटी कार की कुल अनुमानित कीमत 6 लाख 19 हजार 100 रुपये बताई गई है। पुलिस ने वाहन और शराब को जब्त कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बाल्मीकि चौबे, एसआई मोहर सिंह सिकरवार, रामकृपाल शर्मा, निकेश, अरविंद, भानू तथा उदयवीर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

