छतरपुर। छतरपुर जिले के बकस्वाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुनवाहा में पिछले छह दिनों से चल रही एक मासूम की तलाश का अंत रूह कंपा देने वाली त्रासदी के साथ हुआ। 15 वर्षीय नैतिक साहू (पिता बारेलाल साहू) 31 अगस्त की दोपहर करीब 3:00 बजे अपनी मां को बकस्वाहा से लेने जाने की बात कहकर घर से निकला था। घंटों बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने रिश्तेदारियों, परिचितों और आसपास के जंगलों व संभावित रास्तों पर दिन-रात उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
खेत में चारा काटने पहुंचे ग्रामीण ने कुएं में देखा शव, मची सनसनी
रविवार दोपहर करीब 12:00 बजे पुतानउ हार स्थित बारेलाल साहू के खेत में उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव का ही मानक साहू मवेशियों के लिए चारा काटने वहां पहुंचा। मानक की नजर जैसे ही खेत में बने गहरे कुएं के पानी पर पड़ी, उसे एक शव उतराता हुआ दिखाई दिया। उसने तत्काल गांव और परिजनों को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने पास जाकर देखा तो वह शव 6 दिन से लापता नैतिक साहू का ही निकला। बेटे का शव देखते ही मां-बाप बदहवास होकर गिर पड़े और पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच अधिकारी ने किया मुआयना
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया। एफएसएल विशेषज्ञों ने घटनास्थल के आसपास से महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जुटाए। जांच अधिकारी प्रदीप यादव ने कुएं और आसपास के इलाके का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही पूरी कर शव को अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए शासकीय अस्पताल भिजवा दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलेगा मौत का रहस्य
बम्हौरी थाना प्रभारी कादर खान ने बताया कि किशोर 31 अगस्त से लापता चल रहा था, जिसकी तलाश की जा रही थी। रविवार को पुतानउ हार के कुएं से उसका शव बरामद किया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यह महज एक दुर्घटना है, पैर फिसलने से कुएं में गिरने का मामला है या इसके पीछे कोई संदिग्ध साजिश है, इसका वास्तविक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के विस्तृत बयानों के बाद ही हो सकेगा।




