नई दिल्ली। देशभर में हर वर्ष 15 से 21 नवंबर तक राष्ट्रीय नवजात शिशु दिवस, देखभाल सप्ताह मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य नवजात शिशुओं की उचित देखभाल, उनके स्वास्थ्य और शिशु मृत्यु दर को कम करने के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना है। इसकी शुरुआत वर्ष 2000 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने की थी।नवजात शिशु दिवस 15 नवंबर से शुरू होकर 21 नवंबर तक चलता है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग और विभिन्न चिकित्सा संस्थानों की ओर से नवजात शिशुओं के पोषण, स्वच्छता, समय पर टीकाकरण और मां के दूध (स्तनपान) के महत्व से जुड़ी जानकारियां दी जाती हैं। बता दें कि राष्ट्रीय नवजात शिशु देखभाल सप्ताह की शुरुआत बाल दिवस के एक दिन बाद से शुरू होती है। इससे पहले नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल को लेकर पर्याप्त जागरूकता और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और बीमारियों से बचाव के बारे में शिक्षित करने की आवश्यकता के लिए हर वर्ष 7 नवंबर को 'शिशु सुरक्षा दिवस' मनाया जाता है। नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल और उनके स्वस्थ भविष्य को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाई जा सके। इस दिन को मनाने का मुख्य उद्देश्य शिशुओं का उचित स्वास्थ्य देखभाल, सही पोषण और टीकाकरण के जरिए शिशु मृत्यु दर को कम करना है। इस दिवस की शुरुआत 1990 के दशक में यूरोपीय देशों द्वारा की गई थी, जिसके बाद से हर साल यह दिवस विश्वस्तर पर मनाया जा रहा है। शिशु सुरक्षा दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम और समारोह आयोजित कर माता-पिता के बीच इस बात को लेकर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाता है कि बच्चे के जन्म के साथ ही कई बड़ी जिम्मेदारियां भी आती हैं, जो बच्चे के स्वास्थ्य और उसके सुरक्षित भविष्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। इस दिन बच्चों को समय पर बचाव के टीके लगवाने, विटामिन 'ए' देने और उन्हें संतुलित पोषण उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाता है। 2011 की जनगणना के अनुसार, भारत की कुल आबादी में 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की हिस्सेदारी 13 प्रतिशत से ज्यादा थी। वहीं, कुल जनसंख्या का 30.76 प्रतिशत हिस्सा 0 से 14 वर्ष के बच्चों का था।
नई दिल्ली। बहुत से लोग मानते हैं कि भारत के एक जीवंत लोकतंत्र, औद्योगिक शक्ति, ज्ञान के क्षेत्र में भागीदार, वैश्विक स्तर पर सम्मानित सैन्य शक्ति और एक टेक्नोलॉजी व स्पेस इनोवेटर बनने का क्रेडिट जवाहरलाल नेहरू को जाना चाहिए। इससे इतर, नेहरू को बेहतर ढंग से समझने के लिए उनके व्यक्तित्व के एक और पहलू को देखना जरूरी है, जहां वे बच्चों को, जिन्हें भविष्य का नागरिक कहते थे, को प्रेरित करते थे। बच्चे उन्हें 'चाचा नेहरू' कहकर बुलाते थे और इसी कारण रहा कि हर साल 14 नवंबर को उनके जन्मदिन को 'बाल दिवस' के रूप में मनाया जाता है। 14 नवंबर 1889 को इलाहाबाद में जन्मे जवाहरलाल नेहरू एक महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने भारत की आधुनिक पहचान को गढ़ा। जाने-माने वकील मोतीलाल नेहरू और स्वरूप रानी के बेटे जवाहरलाल नेहरू ने भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के साथ-साथ प्रगतिशील विचारों को भी अपनाया। 15 साल की उम्र में नेहरू इंग्लैंड चले गए, जहां उन्होंने हैरो, कैम्ब्रिज के ट्रिनिटी कॉलेज और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में पढ़ाई की। इंग्लैंड में बिताए समय ने उनके बौद्धिक विकास को गति दी और उन्हें भारतीय राजनीतिक आंदोलनों से परिचित कराया, जिसका उनके विचारों पर गहरा प्रभाव पड़ा। 1912 में भारत लौटने के बाद जवाहरलाल नेहरू ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में वकालत की शुरुआत की, हालांकि जल्द ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में उनकी भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण हो गई। महात्मा गांधी के नेतृत्व से प्रभावित होकर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। दमनकारी रॉलेट एक्ट का विरोध करने से लेकर नमक सत्याग्रह और भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान जेल की सजा काटने तक जवाहरलाल नेहरू ने खुद को भारत की आजादी के लिए समर्पित कर दिया। भारत की आजादी के बाद प्रधानमंत्री बनने पर जवाहरलाल नेहरू चाहते थे कि भारत एक ऐसा राष्ट्र बने, जिसे पूरी दुनिया पहचाने। उन्होंने तकनीकी और वैज्ञानिक प्रगति का समर्थन किया और कला व साहित्य को बढ़ावा दिया। पीआईबी के एक लेख में जिक्र मिलता है कि नेहरू दुनिया से भेदभाव को मिटाना चाहते थे और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को प्रोत्साहित करते थे। नेहरू किसी भी सैन्य-राजनीतिक गुट में शामिल होने में विश्वास नहीं रखते थे। बात जब उनके 'चाचा नेहरू' कहलाने की आती है तो यह उपनाम उन्हें बच्चों के प्रति स्नेह के बदले मिला। नेहरू के दिल में बच्चों के लिए एक खास जगह हुआ करती थी। वे अक्सर बच्चों के साथ घिरे रहते थे। दूरदर्शन आर्काइव पर उपलब्ध 'बच्चों के बीच चाचा नेहरू' नाम की एक फिल्म दिखाती है कि भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने बच्चों के साथ अपना जन्मदिन कैसे मनाया था। अपने एक वक्तव्य में जवाहरलाल नेहरू ने कहा था, "आज के बच्चे ही कल का भारत बनाएंगे। हम उनका पालन-पोषण किस तरह करते हैं, इसी से देश का भविष्य तय होगा।" बच्चों से स्नेह से जुड़ा उनका एक किस्सा यह है कि एक बार एक बच्चे ने नेहरूजी के सामने ऑटोग्राफ पुस्तिका रखी थी और उस पर ऑटोग्राफ मांगा था। नेहरू ने भी ऑटोग्राफ दे दिया, लेकिन तभी बच्चे को पता चला कि ऑटोग्राफ के साथ तारीख नहीं है तो उसने तुरंत बोल दिया था, 'आपने तारीख तो लिखी ही नहीं।' इसके बाद नेहरू ने उर्दू अंकों में उस पर तारीख दर्ज की थी। समाचार पत्रों और अन्य लेखों में इसका जिक्र मिलता है। इसी तरह अगाध प्रेम और लगाव के कारण बच्चे भी उन्हें प्यार से 'चाचा नेहरू' कहकर बुलाने लगे, जिसके बाद भारत की हर अगली पीढ़ी के लिए वे 'चाचा नेहरू' ही बने रहे। 27 मई 1964 को जवाहरलाल नेहरू का निधन हो गया, लेकिन वे अपने पीछे एक अमिट विरासत छोड़ गए।
नई दिल्ली। मधुमेह यानी डायबिटीज ऐसी समस्या है, जो बच्चों से लेकर बड़ों तक को प्रभावित कर रही है और साल दर साल डायबिटीज के मामले बढ़ते जाते रहे हैं।मधुमेह के प्रसार को रोकने और उसके निदान के लिए हर वर्ष 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस पूरी दुनिया में मनाया जाता है। मधुमेह को लेकर जागरूकता शहरी से लेकर ग्रामीण इलाकों में दी जाती है, क्योंकि कुछ लोग इस समस्या को बीमारी नहीं मानते और कुछ लोगों को पता ही नहीं है कि वे इस बीमारी से पीड़ित हैं। सबसे पहले विश्व मधुमेह दिवस वर्ष 1991 में मनाया गया था। इसे अंतरराष्ट्रीय मधुमेह महासंघ और विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मिलकर लोगों में मधुमेह के प्रति जागरूकता और निदान के लिए शुरू किया था। हर वर्ष देश में मधुमेह के आंकड़े बढ़ रहे हैं, और वर्ष 2025 तक विश्व भर में हर 3 में से 1 व्यक्ति को मधुमेह है और 4 में से 1 व्यक्ति को पता ही नहीं है कि वह प्रीडायबिटीज का शिकार है। अंतरराष्ट्रीय मधुमेह महासंघ और विश्व स्वास्थ्य संगठन के डेटा की मानें तो वयस्क आबादी इस बीमारी से ज्यादा प्रभावित हो रही है। ज्यादा तनाव और खराब जीवनशैली की वजह से दुनिया भर में हर 9 में से 1 वयस्क इस बीमारी का शिकार है और 40 फीसदी युवाओं को पता ही नहीं कि वे इस बीमारी से जूझ रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन की मानें तो 2025 तक दुनिया भर में लगभग 830 मिलियन लोगों को मधुमेह है और आगे भी ये आंकड़ा बढ़ने वाला है। विश्व मधुमेह दिवस पर सबसे पहले ये जानते हैं कि मधुमेह क्या है। खाना खाने के बाद हमारा शरीर ग्लूकोज बनाता है, जो ऊर्जा देने का काम करता है, लेकिन ग्लूकोज को ऊर्जा के लिए रक्त और कोशिकाओं तक पहुंचाने के लिए इंसुलिन हार्मोन की जरूरत पड़ती है। पैंक्रियाज इंसुलिन बनाने का काम करता है, और अगर यह ठीक तरीके से इंसुलिन नहीं बनाता है, तो ग्लूकोज कोशिकाओं तक अच्छे से नहीं पहुंच पाता है और रक्त में शुगर की मात्रा बढ़ जाती है। इस स्थिति को मधुमेह कहते हैं। मधुमेह में टाइप 1 डायबिटीज और टाइप 2 डायबिटीज सबसे ज्यादा देखी जाती हैं। गर्भावस्था के समय भी मधुमेह की समस्या हो सकती है। टाइप 2 डायबिटीज और गर्भावस्था के दौरान होने वाले मधुमेह को समय रहते काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है, लेकिन टाइप 1 डायबिटीज एक खतरनाक स्टेज है, जिसमें पैंक्रियाज इंसुलिन बनाना बिल्कुल बंद कर देता है। इस स्थिति में किडनी, आंखों और दिल पर दबाव बना रहता है। आयुर्वेद में प्रीडायबिटीज को 'मधुमेह पूर्व अवस्था' कहा जाता है। आयुर्वेद में प्रीडायबिटीज के नियंत्रण के उपाय बताए गए हैं और माना गया है कि जीवनशैली और खान-पान में बदलाव के साथ इस पर नियंत्रण पाया जा सकता है। प्रीडायबिटीज के नियंत्रण के लिए मेथी का पानी बहुत कारगर है। इसके लिए रात के समय एक चम्मच मेथी को एक गिलास पानी में भिगो दें। सुबह उस पानी को हल्का गुनगुना करके पी सकते हैं और कुछ मेथी के दाने चबा सकते हैं। करेले और जामुन का रस या चूर्ण भी प्रीडायबिटीज में राहत देता है। इसके लिए सुबह खाली पेट करेले और जामुन का रस या पाउडर पानी में मिलाकर लिया जा सकता है। ये रक्त में शर्करा को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। त्रिफला चूर्ण को कई बीमारियों का नाशक कहा जाता है। रात के समय इसे गुनगुने पानी में लेने से रक्त में शर्करा की मात्रा नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा, रात में हल्दी वाला दूध और सुबह गिलोय का रस भी इस स्थिति में सहायक होते हैं। इसके साथ सफेद चावल, सफेद आटा और जूस पीने से परहेज करें। ऐसा करने से ब्लड शुगर तेजी से बढ़ता है। सिर्फ आहार में बदलाव लाने से कुछ नहीं होता, इसके साथ शरीर को एक्टिव रखना भी जरूरी है। रोजाना 30 मिनट तक सैर करनी चाहिए। खाना खाने के बाद भी टहलने की आदत रखनी चाहिए और योग और प्राणायाम भी इसके लिए कारगर हैं।
मुंबई। भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैली 'कथक' को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने वाली महान कलाकारों में से एक सितारा देवी, जिन्हें लोग 'कथक की रानी' कहते थे, का जन्म 8 नवंबर 1920 को कोलकाता के एक ब्राह्मण परिवार में हुआ था। सितारा देवी का असल नाम धनलक्ष्मी था। घर में लोग उन्हें प्यार से धन्नो भी कहकर बुलाया करते थे। सितारा को बचपन से ही नृत्य में काफी रुचि थी। उनके पिता सुकदेव महाराज एक संस्कृत विद्वान और कथक गुरु थे तथा मां मथुरा देवी पारंपरिक नृत्य की जानकार थी। उस जमाने में जब अच्छे घर की लड़कियां नाचना तो दूर, उसका नाम लेना भी पाप समझती थीं, सितारा ने मात्र 10 वर्ष की उम्र में पहला पेशेवर प्रदर्शन किया। सितारा ने नृत्य की प्रारंभिक प्रशिक्षण अपने पिता से प्राप्त की। वह 12 वर्ष की उम्र तक मुंबई आ चुकी थीं और 16 वर्ष की उम्र में उन्होंने 'नागिन' फिल्म में पहली बार परदे पर नृत्य किया। जिस उम्र में आमतौर पर बच्चे जीवन के बारे में जान और समझ रहे होते हैं, सितारा जब केवल 16 वर्ष की थीं, तब रवींद्रनाथ टैगोर ने उनका नृत्य देखकर उन्हें 'नृत्य सम्राज्ञी' की उपाधि दी थी। सितारा के लिए नृत्य एक साधना थी। उन्होंने 94 वर्ष की उम्र तक मंच पर घुंघरू बांधे और कभी भी अपनी कला को नहीं छोड़ा। सितारा ने अपने करियर में 100 से ज्यादा फिल्मों में नृत्य किया। 'शहर का जादू', 'आवारा', 'मदर इंडिया', 'अनजाना', 'मदर इंडिया' और 'हरे राम हरे कृष्ण' जैसी फिल्मों में उनके नृत्य आज भी देखे और सराहे जाते हैं। सितारा की जिंदगी जितनी रंगीन थी, उतनी ही बेबाक। रिपोट्स के मुताबिक, उन्होंने चार शादियां की थीं। उनकी पहली शादी बचपन में महज 8 वर्ष की आयु में श्री देसाई से हुई थी, जिसे बाद में उन्होंने खुद तोड़ दिया था। दूसरी शादी उन्होंने अभिनेता नजीर अहमद खान से की, इसके लिए उन्होंने इस्लाम धर्म अपनाया था, लेकिन बाद में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद उन्होंने फिल्म निर्देशक-निर्माता के. आसिफ से विवाह किया, लेकिन यह भी ज्यादा समय तक नहीं चला और दोनों का तलाक हो गया। वहीं, चौथी शादी उन्होंने गुजराती व्यवसायी प्रताप बारोट से की। भारतीय शास्त्रीय नृत्य और कला के क्षेत्र में अमूल्य योगदान के लिए उन्हें कई पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिनमें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, पद्मश्री और कालिदास सम्मान शामिल हैं। हालांकि, भारत सरकार द्वारा पद्म भूषण से सम्मानित किए जाने के दौरान, उन्होंने यह कहते हुए लेने से इनकार कर दिया था कि उनका योगदान इससे भी बड़ा है और उन्होंने 'भारत रत्न' की मांग की थी। 94 वर्ष की उम्र में भी सितारा मंच पर लगातार 45 मिनट तक नृत्य करती थीं। उनकी आखिरी प्रस्तुति 2013 में मुंबई में हुई थी। 25 नवंबर 2014 को 94 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया, लेकिन शास्त्रीय नृत्य के क्षेत्र में उनका योगदान हमेशा गूंजता रहेगा, ठीक उसी तरह, जैसे उनके घुंघरुओं की आवाज गूंजती थी।
नई दिल्ली। बच्चे किसी भी देश का भविष्य होते हैं, लेकिन आज भी कई ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल को लेकर पर्याप्त जागरूकता का अभाव है। ऐसे इलाकों में लोगों को शिशुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और बीमारियों से बचाव के बारे में शिक्षित करने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से हर वर्ष 7 नवंबर को 'शिशु सुरक्षा दिवस' मनाया जाता है, ताकि नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल और उनके स्वस्थ भविष्य को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाई जा सके।यह दिन नवजात शिशुओं और बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और भलाई के बारे में लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का मुख्य उद्देश्य शिशुओं का उचित स्वास्थ्य देखभाल, सही पोषण और टीकाकरण के जरिए शिशु मृत्यु दर को कम करना है। यह दिन इस बात पर जोर देता है कि बच्चों की सुरक्षा केवल डॉक्टरों या सरकार की ही जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज और परिवार की जिम्मेदारी है। इस दिवस की शुरुआत 1990 के दशक में यूरोपीय देशों द्वारा की गई थी, जिसके बाद से हर साल यह दिवस विश्वस्तर पर मनाया जा रहा है। शिशु सुरक्षा दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम और समारोह आयोजित कर माता-पिता के बीच इस बात को लेकर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाता है कि बच्चे के जन्म के साथ ही कई बड़ी जिम्मेदारियां भी आती हैं, जो बच्चे के स्वास्थ्य और उसके सुरक्षित भविष्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। इस दिन बच्चों को समय पर बचाव के टीके लगवाने, विटामिन 'ए' देने और उन्हें संतुलित पोषण उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाता है। 2011 की जनगणना के अनुसार, भारत की कुल आबादी में 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की हिस्सेदारी 13 प्रतिशत से ज्यादा थी। वहीं, कुल जनसंख्या का 30.76 प्रतिशत हिस्सा 0 से 14 वर्ष के बच्चों का था। रिपोट्स के मुताबिक, भारत में प्रति वर्ष लगभग 2.3 करोड़ से 2.5 करोड़ बच्चे जन्म लेते हैं। देश में हर दिन लगभग 63,000 से 72,000 के बीच शिशु पैदा होते हैं। हर घंटे करीब 2,630 से 2,650 बच्चे जन्म लेते हैं।