छतरपुर,विनोद मिश्रा । मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गौरिहार थाना क्षेत्र के गहवरा गांव में चार लोगों ने 24 वर्षीय युवक को राजीनामा करने का दबाव बनाते हुए गोली मार दी।


जानकारी के अनुसार, नितिन प्यासी बीती रात करीब 2 बजे अपने भाई चंद्रहास प्यासी के साथ खेत पर लगे बोर का पानी देखने गया था। वापस लौटते समय गांव के ही नीरज मिश्रा, धीरज मिश्रा, बद्री और रामसुहावन ने उसका रास्ता रोक लिया।


बताया जा रहा है कि करीब 20 साल पहले नितिन के पिता श्रीराम प्यासी के साथ गंभीर मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें आरोपियों पर धारा 307 का मामला दर्ज हुआ था और वे जेल भी जा चुके हैं। यह मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है। इसी पुराने विवाद में राजीनामा का दबाव बनाने के लिए आरोपियों ने नितिन का पीछा किया और खेत में उसे रोककर अवैध हथियार से उसके पैर में गोली मार दी।


घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल नितिन को तत्काल गौरिहार उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस की मदद से जिला अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।