सोशल मीडिया पर सुसाइड रील पोस्ट करने के बाद छतरपुर में युवक की मौत

Advertisement
छतरपुर,संजय अवस्थी। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुश नगर थाना क्षेत्र के ग्राम हरद्वार में एक दिल दहला देने वाली घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां 28 वर्षीय मुकुंद यादव ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर जहर (सल्फास) की दो पुड़ियां हाथ में लेकर बुंदेली गीत के साथ एक वीडियो रील पोस्ट की। वीडियो अपलोड करने के तुरंत बाद युवक पहाड़ पर बेहोशी की हालत में मिला।
परिजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। एसडीओपी नवीन दुबे और थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहर सेवन से आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही होगी। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो की भी जांच की जा रही है।
