इंदौर, रविकांत वर्मा। शहर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में दोस्तों के साथ चिकन पार्टी करने पहुंचे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय अमोल देशमुख अपने दोस्तों के साथ छोटा बांगड़दा स्थित एक होटल में चिकन पार्टी करने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि पार्टी शुरू होने से पहले ही अमोल की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। साथ मौजूद दोस्तों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही एरोड्रम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती तौर पर तबीयत बिगड़ने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।


पुलिस ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और विसरा जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक के साथ मौजूद दोस्तों से पूछताछ कर रही है।