छतरपुर। कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में नगरीय निकायों के कार्याें की जिला पंचायत सभाकक्ष में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पीएम आवास योजना, अमृत 2.0, जर्जर भवन, आवारा पशुओं के नियंत्रण, पीएम स्वनिधि, राजस्व वसूली, कायाकल्प, मुख्यमंत्री अधोसंरचना, निकाय मद के कार्यों की निकायवार समीक्षा की गई। बैठक में प्रभारी डूडा आयशा अंसारी, सीएमओ, उपयंत्री, आवास प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री जैसवाल ने छतरपुर नौगांव सहित अन्य निकायों को आवारा पशुओं की मैपिंग कर गौशालाओ में भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा हाका दल प्रतिदिन वार्डों मंे घूमे और आवारा पशुओं को उचित स्थल पर भेजने की कार्यवाही करें।
अमृत 2.0 के कार्याें की समीक्षा करते हुए जल गंगा संवर्धन अभियान में हुए कार्यों की जानकारी ली। इसके अलावा नगर पालिका छतरपुर अंतर्गत टंकी एवं बंड निर्माण के कार्य में अत्यंत धीमी प्रगति होने पर उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही टेंडर प्रक्रिया से लेकर वर्क ऑर्डर तक एक वर्क प्रोसिजर बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नौगांव सीएमओ भण्डार नदी के कायाकल्प से संबंधित नया टेंडर करने के निर्देश दिए। इसके अलावा राजनगर सीएमओ को वाटर बाडी रिज्यूविनेशन थनेरा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य, हरित क्षेत्र विकास परियोजना में मधुवन वाटिका पार्क के निर्माण कार्य 2 सालों से पूरे नहीं होने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ ही जांच दल बनाने के निर्देश दिए। साथ ही खजुराहो निकाय अंतर्गत प्रेमसागर एवं ननौरा तालाब के रिजोनुवेसन के कार्य में कम प्रगति पर जांच दल से जांच कराने के निर्देश दिए।
हरपालपुर एवं घुवारा सीएमओ की वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 अंतर्गत जिओ टेग एवं आवास की निर्माण की स्थिति की समीक्षा करते हुए लिंटल में जिओ टेग नहीं होने, एक भी आवास पूर्ण नहीं होने पर सीएमओ छतरपुर एवं आवास प्रभारी की वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसी क्रम में नौगांव सीएमओ, महाराजपुर सीएमओ एवं निकाय के आवास प्रभारी की वेतन रोकने एवं हरपालपुर सीएमओ की वेतन रोकने सहित पीएम स्वनिधि योजना में अत्यंत धीमी प्रगति होेने पर वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। साथ ही लवकुशनगर, खजुराहो की वेतन रोकने, घुवारा सीएमओ की वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गलत तथ्य प्रस्तुत करने आवास पूर्ण नहीं होने सहित अन्य कार्याें में संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर राजनगर एवं बड़ामलहरा सीएमओ के विरूद्ध प्रोविजनल पीरियड एक्टंेशन करने के पी.एस. को पत्र भेजने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवास निर्माण के कार्याें में प्रगति बढ़ाएं। उन्होंने आवास के प्राप्त नए आवेदनों की पात्रता एवं अपात्रता की भी समीक्षा की।
घुवारा सीएमओ से निर्माण संबंधी फाइल तलब
कलेक्टर ने घुवारा निकाय में बड़ा तालाब के घाट निर्माण एवं पार्क के प्रशासकीय स्वीकृति की जानकारी नहीं होने एवं निर्माण पूरा नही होने पर कार्य की फाइल तलब की। कलेक्टर ने पीएम स्वनिधि योजना में प्रोग्रेस बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता की योजना में लापरवाही क्षम्य नहीं है। कलेक्टर ने कायाकल्प के कार्याें की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन वार्डों में सड़कंे नल लाइन एवं नाली नहीं ऐसी जानकारी एकत्रित कर प्रस्तुत करें। साथ ही उन्होंने अवैध कॉलोनियों के संबंध में भी आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बारिश को ध्यान में रखते हुए ऐसी सड़के जो मरम्मत योग्य है उनकी मरम्मत कार्य तत्काल कराएं और नालों की साफ सफाई कराएं। साथ ही जर्जर भवनों की समीक्षा करते हुए बकस्वाहा एवं चंदला में एक भी जर्जर भवन चिन्हित नहीं करने पर ठीक से पुनः सर्वे कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
पौधरोपण कार्य प्लान करने के निर्देश
कलेक्टर पौधरोपण करने के संबंध में सभी निकायों के निर्देश दिए। साथ ही विगत वर्ष डेवलप किए गए अर्बन फॉरेस्ट में पौधे लगाकर गैप फिलिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री अधोसंरचना एवं निकाय मद के कार्यों की भी समीक्षा करते हुए सीएमओ को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सीवेज प्लान के अप्रुवल एवं वर्क ऑर्डर के संबंध में निकायवार जानकारी ली।




