छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले में विद्युत विभाग की लगातार बढ़ती लापरवाही और अघोषित बिजली कटौती के विरोध में युवक कांग्रेस और एनएसयूआई ने मुख्य अभियंता के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया है कि जिले की आम जनता बिजली विभाग की मनमानी से अत्यंत परेशान है, जहाँ बिना किसी पूर्व सूचना के सुबह, दोपहर और रात के समय घंटों बिजली काट दी जाती है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का समय पर निराकरण न होना, मेंटेनेंस के नाम पर अनावश्यक कटौती, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की बदहाल स्थिति, लो वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और अत्यधिक बिजली बिलों जैसी गंभीर समस्याएं सामने आ रही हैं। विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी आम जनता के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया गया है।


पूर्व युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष लोकेन्द्र वर्मा और पूर्व एनएसयूआई जिला अध्यक्ष राजवर्धन मिश्रा ने प्रशासन से मांग की है कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अघोषित कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए और कटौती से पूर्व सार्वजनिक सूचना अनिवार्य रूप से दी जाए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुचारू करने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की गई है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो युवक कांग्रेस द्वारा उग्र आंदोलन और घेराव किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।