छतरपुर शहर में एक नवविवाहित युवक के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। शादी के महज 25 दिन बाद युवक के गायब हो जाने से परिवार में हड़कंप मच गया है। नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। मामले की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई है।


जानकारी के मुताबिक, महोबा रोड स्थित अयोध्या बस्ती वार्ड नंबर 05 निवासी 30 वर्षीय संजय कुमार परिहार 9 अप्रैल की सुबह अचानक घर से लापता हो गया। उसकी मां शांति बाई डुमार रोज की तरह सुबह करीब 5 बजे काम पर चली गई थीं। उस समय घर पर संजय और उसकी बहन अंजना मौजूद थे।


सुबह करीब 9:30 बजे जब मां घर लौटीं तो संजय घर पर नहीं मिला। पूछने पर बहन ने बताया कि वह सुबह करीब 8 बजे बिना बताए कहीं चला गया था। परिजनों को लगा कि वह किसी काम से गया होगा और वापस लौट आएगा, लेकिन देर रात तक जब वह नहीं आया तो चिंता बढ़ गई।


परिजनों ने संजय के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की। एक बार फोन उठाने पर उसने कहा, “मैं अभी आता हूं”, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। तब से अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है।


परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में भी खोजबीन की, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद सिटी कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।


परिवार के अनुसार, संजय की शादी 13 मार्च 2025 को उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा थाना क्षेत्र के सालार गांव में हुई थी। 17 मार्च को पत्नी की विदाई के बाद से ही संजय गुमसुम रहने लगा था। परिजन अंदेशा जता रहे हैं कि किसी मानसिक तनाव के चलते वह यह कदम उठा सकता है।


घटना के बाद परिवार में चिंता और दुख का माहौल है। नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और वह अपने पति के लौटने का इंतजार कर रही है। वहीं परिवार अब बहू को ससुराल लाने की तैयारी कर रहा है।


परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को संजय कुमार परिहार के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि उसे सकुशल घर वापस लाया जा सके।