छतरपुर, संदीप यादव। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित अमलतास कॉलोनी में बीते 17 अगस्त को एक ऐसी हृदयविदारक घटना घटी जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर की चारदीवारी के अंदर घुसकर किसी ने निर्दयतापूर्वक धारदार हथियार से एक महिला की हत्या कर दी। मृतिका का नाम मालती प्रजापति था। एक माह बीत जाने के बावजूद सिविल लाइन पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं और हत्याकांड का कोई ठोस सुराग सामने नहीं आ सका है। इस बीच मंगलवार को मृतिका के परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और वहां आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने स्पष्ट आरोप लगाए कि मालती प्रजापति की हत्या उनके पति सुमन प्रजापति और एक अन्य महिला भारती प्रजापति ने मिलकर की है।


परिजनों का कहना है कि भारती प्रजापति को लेकर घर में पहले से ही तनावपूर्ण माहौल बना हुआ था। आए दिन दोनों महिलाओं के बीच विवाद होते रहते थे। दामाद सुमन प्रजापति भारती के साथ खाना-पीना करता था जबकि घर के सारे कामकाज मालती को ही संभालने पड़ते थे। भारती प्रजापति टौरिया के पास रहती है और सुमन अक्सर वहीं जाता रहता था। इससे पति-पत्नी के बीच भी लगातार झगड़े होते थे। पीडि़त पक्ष का आरोप है कि सुमन प्रजापति का भारती प्रजापति से नाजायज संबंध है और वह उसे रखे हुए है। इन्हीं संबंधों और घरेलू विवादों के चलते मालती की हत्या की गई।


सद्दूपुरा निवासी रूकमन प्रजापति ने बताया कि वे आज अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए एसपी कार्यालय आए हैं। बेटी मालती प्रजापति और भारती प्रजापति के बीच रोजमर्रा के झगड़े आम बात थे। उन्होंने दामाद सुमन प्रजापति पर अपनी बेटी की हत्या का शक जताया है। पुष्पेन्द्र प्रजापति ने भी बताया कि उनकी दीदी की 17 अगस्त को हत्या हुई थी। उन्हें अपने जीजा सुमन प्रजापति और उसकी बुआ की लड़की भारती प्रजापति पर गंभीर शक है। 24 जून को दोनों के बीच झगड़ा हुआ था जिसके बाद जीजा ने दीदी की पिटाई भी की थी। भारती जीजा के साथ रहती थी। एक माह बीतने के बावजूद सिविल लाइन थाना हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाया है।


परिजनों ने एसपी कार्यालय में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वे चाहते हैं कि पुलिस इस संवेदनशील मामले में तेजी से जांच करे और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे ताकि मृतका को न्याय मिल सके।