सागर, स्वाति सोलंकी। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया,जब एक महिला ने अचानक जहरीला पदार्थ पी लिया। जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेहोश होने की स्थिति में पहुंच गई। महिला की हालत बिगड़ती देख जनसुनवाई स्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारी-कर्मचारियों ने तत्काल उसे संभाला। मौके पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ ने महिला की प्राथमिक जांच की। इसके बाद महिला को तत्काल उपचार के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
दरअसल, महिला की पहचान राधा, पति रमेश यादव, निवासी बिहारीपुरा गल्ला मंडी क्षेत्र, सागर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला किसी समस्या को लेकर अपनी शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पहुंची थी। हालांकि उसने आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। महिला फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं बताई जा रही है। उसके स्वास्थ्य में सुधार होने और बयान लिए जाने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने भी मामले की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से महिला के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
गौरतलब है कि सागर कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर जहरीला पदार्थ पीने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी अपनी शिकायतों के समाधान की मांग को लेकर लोग इस तरह के आत्मघाती कदम उठा चुके हैं।
फिलहाल महिला का बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि महिला के बयान और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उसने किन परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ का सेवन किया।




