कप्तानी खुद छोड़ेंगे या पीसीबी हटाएगा, पत्रकार के सवाल पर असहज हुए सलमान अली आगा

Advertisement
पाकिस्तान को शनिवार को सुपर-8 के अपने आखिरी मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ जीत के बाद भी टी20 विश्व कप 2026 से बाहर होना पड़ा। मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में आए पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा को पत्रकारों के कड़े सवालों का सामना करना पड़ा। उनसे कप्तानी छोड़ने से जुड़ा भी सवाल पूछा गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सलमान अली आगा से एक रिपोर्टर ने पूछा कि क्या वह खुद कप्तानी छोड़ देंगे या पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड उन्हें हटाएगा।
इसके जवाब में आगा ने कहा, "मुझे लगता है कि हमने विश्व कप में उतना अच्छा नहीं खेला जितना हमें खेलना चाहिए था। मुझे लगता है कि अभी लिया गया कोई भी फैसला भावनात्मक होगा। हम वापस जाकर कुछ समय लेंगे और फिर जरूरी फैसला लेंगे।"
आगा से एक पत्रकार ने सवाल किया, "माइक हेसन कप्तान बनाते हैं और कप्तान को हटाते हैं। चयन में उनके बहुत सारे वोट होते हैं और प्लेइंग 11 में उनकी बहुत सारी राय होती है। क्या आपको लगता है कि वह ज्यादा हावी हो रहे हैं, और वह आपको एक डमी कप्तान के तौर पर दिखा रहे हैं?"
इसके जवाब में आगा ने कहा, "समस्या यह है कि अगर मैं इसका जवाब नहीं दूंगा, तो आपकी बेइज्जती होगी, लेकिन मेरी बात सुनिए। जब कोई टीम बनती है, तो वह एक टीम गेम होता है। यह किसी एक व्यक्ति के फैसले से नहीं बनती। यह सभी लोगों के फैसलों का नतीजा होता है।"
सलमान आगा का बतौर कप्तान और बल्लेबाज इस विश्व कप में असफल रहे हैं। वह 6 पारियों में सिर्फ 60 रन बना पाए। कप्तान के तौर पर भी उनके फैसले प्रभावी नहीं रहे। उन्हें कप्तानी से हटाया जा सकता है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी विश्व कप में पाकिस्तान के प्रदर्शन से नाराज हैं। नकवी सलमान आगा को पाकिस्तान टी20 टीम की कप्तानी से हटा सकते हैं। इसके अलावा, बाबर आजम, उस्मान खान, शादाब खान और सलमान आगा के टी20 करियर पर भी कोई निर्णय लिया जा सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हेड कोच माइक हेसन ने सलाह दी है कि पाकिस्तान को कुछ सीनियर खिलाड़ियों से आगे बढ़ते हुए युवा प्रतिभाओं में निवेश करना चाहिए और मॉडर्न टी20 क्रिकेट की बदलती जरूरतों के अनुरूप टीम का पुनर्गठन करना चाहिए।
