बड़ा मलहरा,लोकेन्द्र सिंह। अनुभाग के भगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लिधोरा में खेत में लगी आग बुझाने के दौरान एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल तिराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया,जिससे कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लिधोरा निवासी भागीरथ लोधी (28 वर्ष),पिता टूडा लोधी सोमवार दोपहर करीब 12 बजे पाटन हार स्थित खेत में लगी आग को बुझाने के लिए गया था।आग बुझाने के प्रयास के दौरान अचानक वह ट्रैक्टर के नीचे दब गया,जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने समय पर उचित कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए शव को अस्पताल तिराहे पर रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।जाम के कारण कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा।सूचना मिलते ही बड़ा मलहरा थाना प्रभारी श्रद्धा शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और परिजनों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी।पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

