रेप और धर्मांतरण पर क्या बोले बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी

Advertisement
भोपाल,जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हाल ही सामने आए रेप और धर्मांतरण के दबाव से जुड़े मामले ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। इस संवेदनशील मुद्दे पर बीजेपी के विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि ऐसे अपराधियों पर अत्यंत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने इस मामले को विधानसभा में उठाने की घोषणा की है।
विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने अपने बयान में कहा, "ऐसे लोगों पर कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए। मैं आज इस मुद्दे को सदन में जरूर उठाऊंगा।" उन्होंने आगे मांग की कि जिम, स्पा और ब्यूटी पार्लर जैसी जगहों पर विशेष निगरानी रखी जाए, क्योंकि इनकी आड़ में इस तरह के अनैतिक और आपराधिक कार्य चल रहे हैं।
महिलाओं के खिलाफ कार्यवाही के सवाल पर उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उदाहरण देते हुए कहा कि "कड़ी कार्यवाही जैसी योगी जी करते हैं, वैसी ही मोहन जी (मुख्यमंत्री मोहन यादव) को भी करनी चाहिए।" विधायक ने इस मामले में राज्य सरकार से त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा जताई है ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और ऐसे अपराधों पर लगाम लगाई जा सके।
