मैहर। मैहर जिले की नगर परिषद अमरपाटन अंतर्गत वार्ड क्रमांक 2 के रहवासी इन दिनों बुनियादी सुविधाओं के अभाव, भीषण जलभराव और गंदगी के कारण नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। हालिया बारिश के बाद क्षेत्र में समुचित जल निकासी न होने से चारों तरफ गंदा पानी जमा हो गया है, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना तक दूभर हो गया है। हालात इस कदर बदतर हो चुके हैं कि जलभराव और झाड़ियों के कारण अब जहरीले सांप और कीड़े-मकोड़े सीधे लोगों के घरों में घुस रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
वार्डवासियों का कहना है कि नालियों की नियमित सफाई और पानी की निकासी की कोई ठोस व्यवस्था न होने से बरसात का दूषित पानी लंबे समय से बस्तियों में सड़ रहा है। बच्चों और बुजुर्गों की जान पर लगातार खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर नगर परिषद प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन प्रशासन कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है।
रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही जल निकासी और कीटनाशक छिड़काव की उचित व्यवस्था नहीं की गई, तो कभी भी सर्पदंश जैसी कोई गंभीर अनहोनी घट सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर परिषद प्रशासन की होगी।




