मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्य प्रदेश के मंदसौर शहर में आज बजरंग दल के बैनर तले उग्र विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। शहर के प्रमुख गांधी चौराहे पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए और विभिन्न मुद्दों को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों ने देश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं, अवैध कब्जों और सामाजिक समस्याओं के खिलाफ आवाज उठाई। विरोध के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। इस दौरान कथित “लव जिहाद” और धर्मांतरण जैसे मुद्दों को लेकर भी कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध दर्ज कराया और सख्त कानून बनाने की मांग की।
बजरंग दल के पदाधिकारियों का कहना है कि देश में संगठित अपराध और असामाजिक गतिविधियों में वृद्धि हो रही है, जिन पर सख्त कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि समय पर कार्रवाई न होने से ऐसे तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सार्वजनिक और सरकारी जमीनों से अवैध कब्जे हटाने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संगठित अपराधों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों में कमजोर वर्गों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध करने की भी मांग उठाई गई।

