ग्रामीणों का आक्रोश: मंदिर की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद

Advertisement
बड़ामलहरा ,लोकेन्द्र सिंह बुंदेला । जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत बर्मा में सरपंच और सचिव की मनमानी को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारी आयुष जैन को ज्ञापन सौंपकर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव द्वारा रामजानकी मंदिर की खेती योग्य भूमि पर मंगल भवन का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर की भूमि धार्मिक आस्था से जुड़ी हुई है, जिसे किसी भी सूरत में अन्य उपयोग के लिए नहीं लिया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि गांव में अन्य शासकीय भूमि उपलब्ध होने के बावजूद जानबूझकर मंदिर की जमीन पर ही निर्माण कराया जा रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस संबंध में कई बार आपत्ति दर्ज कराने के बावजूद सरपंच–सचिव द्वारा निर्माण कार्य नहीं रोका गया। इससे गांव में असंतोष और तनाव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और मंदिर की भूमि पर हो रहे निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोका जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
