उज्जैन। मध्य प्रदेश की पवित्र नगरी उज्जैन स्थित प्रसिद्ध चक्रतीर्थ श्मशान घाट का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में किन्नर अखाड़े से जुड़ी काली उर्फ नंद गिरि जलती चिता के पास तलवार से कथित मानव मांस निकालकर खाते हुए दिखाई दे रही हैं। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संत समाज, अखाड़ा परिषद और आम नागरिकों में भारी आक्रोश है। घटना को अमानवीय और सनातन अघोर परंपरा का अपमान बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।


वीडियो में क्या है?

किन्नर अघोरी काली उर्फ नंद गिरि ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया है। वीडियो में वह हाथ में नंगी तलवार लिए इंसान को खाने की बात करती नजर आती हैं। चक्रतीर्थ श्मशान घाट पर जलती चिता के पास पहुंचकर मंत्रोच्चार के बाद वे चिता के भीतर तलवार डालकर कथित रूप से मांस का टुकड़ा निकालती हैं और उसे खाती दिखती हैं। वीडियो में उन्होंने कथित मांस को "स्वादिष्ट और गर्म" बताते हुए लोगों को उनसे बचकर रहने की चेतावनी भी दी है।


संत समाज और अखाड़ों की तीखी प्रतिक्रिया

महामंडलेश्वर शैलेशानंद गिरि ने कहा कि अघोर व तंत्र साधना की अपनी एक गोपनीय मर्यादा होती है। निजी प्रचार-प्रसार और सोशल मीडिया पर पब्लिसिटी पाने के लिए इस तरह का सार्वजनिक प्रदर्शन वैदिक एवं अघोर परंपरा के पूरी तरह खिलाफ है। इसे आधुनिक समाज में 'नरपिशाची प्रवृत्ति' माना जाता है। अघोरी अखाड़े के पीठाधीश्वर व राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़ेश्वरी अघोरी बाबा विष्णुनाथ ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है।


शिकायत में कहा गया है कि जलती चिता और शव के अवशेषों के साथ धारदार हथियार से छेड़छाड़ करना भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 301 (शव या श्मशान स्थल का अनादर) के तहत एक गंभीर अपराध है। सनातन धर्म के नाम पर पाखंड फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस मामले की जांच और वायरल वीडियो की सत्यता की पड़ताल कर रही है।