लखनऊ, 22 मई । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश की भाजपा सरकार के दो कार्यकाल बिना किसी बड़ी उपलब्धि के समाप्ति की ओर हैं और सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में किसानों की फसलों की लूट हो रही है, नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और महिलाएं उपेक्षा व अपमान का शिकार हैं। शुक्रवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।
लगभग 70 हजार स्कूल बंद कर दिए गए हैं और हजारों स्कूलों में प्रवेश शून्य हो चुका है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मरीजों को न दवा मिल रही है और न ही समुचित इलाज, जिससे आम लोग परेशान होकर भटकने को मजबूर हैं।
सपा प्रमुख ने भाजपा को “चालाक और अहंकारी पार्टी” बताते हुए कहा कि उसने लोकतंत्र को धोखा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक दल नहीं, बल्कि गैंग की तरह काम कर रही है। भाजपा समर्थित लोग गरीबों और सरकारी जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं तथा भूमाफिया को संरक्षण दिया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश की जनता के भविष्य का चुनाव होगा और भाजपा को दो दशकों का हिसाब देना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से नाराज है और इस बार जनता भाजपा का सफाया कर देगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को सतर्क करते हुए कहा कि भाजपा समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए विभिन्न हथकंडे अपनाएगी, लेकिन इस बार उसकी कोई रणनीति सफल नहीं होगी। पूरा पीडीए समाज समाजवादी पार्टी के साथ खड़ा है और आम जनता भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए तैयार बैठी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी विकास और सामाजिक न्याय की राजनीति करती है तथा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने भाजपा पर आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने और पीडीए समाज के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने के लिए प्रदेश की जनता 2027 के चुनाव का इंतजार कर रही है।




