छतरपुर,शिवम सोनी। शहर के सटई रोड स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे मीटर वाचकों ने भीषण गर्मी के बीच अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। पिछले तीन माह से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने इस बार मुख्यमंत्री के नाम खून से पत्र लिखकर अपनी पीड़ा जाहिर की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से उन्हें रोजगार नहीं मिल रहा है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है और परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है।


धरने पर बैठे मीटर वाचकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो वे और उग्र प्रदर्शन करेंगे, जिसमें भैंस के आगे बीन बजाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। प्रदर्शनकारी भूपेंद्र बुंदेला ने बताया कि कई बार अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे उन्हें मजबूर होकर इस तरह का कदम उठाना पड़ा।


प्रदर्शनकारियों ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आउटसोर्स भर्ती में 23 लोगों से पैसे लिए गए हैं। हालांकि, अधीक्षण अभियंता सब सिंह ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के अनुसार की गई है और आगे भी कंपनी के दिशा-निर्देशों के तहत ही कार्य होगा।


तीन महीने से जारी हड़ताल के बावजूद विद्युत विभाग की ओर से कोई ठोस पहल न होने पर कर्मचारियों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और मीटर वाचकों की मांगों पर कब तक समाधान निकल पाता है।