दमोह,राजेन्द्र तिवारी। जिले के तेंदूखेड़ा क्षेत्र अंतर्गत मोहरा गांव में हैंडपंप का गंदा और बदबूदार पानी पीने से करीब दो दर्जन से अधिक लोग बीमार पड़ गए। अचानक बड़ी संख्या में ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने से गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, हैंडपंप के दूषित पानी के सेवन के बाद लोगों को एक-एक कर उल्टी-दस्त (लूज मोशन) की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर सभी मरीजों को तत्काल तेंदूखेड़ा के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार किया। मरीजों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी मरीज अब खतरे से बाहर हैं। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम सतर्क हो गई है और गांव में पानी की जांच व आवश्यक व्यवस्थाएं शुरू कर दी गई हैं, ताकि ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

