छतरपुर। भगवान परशुराम प्रकटोत्सव के अवसर पर इस बार शहर में दो दिवसीय धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 19 और 20 अप्रैल को होगा । पहले दिन शहर के नारायणपुरा रोड स्थित सिद्धेश्वर मंदिर परिसर में मौजूद भगवान परशुराम मंदिर में विशेष पूजा अर्चना होगी। पहले दिन ही भगवान परशुराम का अभिषेक, पूजन, शस्त्र पूजन, हवन और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना है। प्रकटोत्सव को भव्य और दिव्य बनाने के लिए आयोजन समिति की लगातार बैठकें चल रही है। बैठकों के माध्यम से पूरे आयोजन की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
महोत्सव के दूसरे दिन 20 अप्रैल को रामचरितमानस प्रांगण में दोपहर 2 बजे से भगवान परशुराम के विग्रह का अभिषेक होगा। इसके बाद विशेष पूजा अर्चना और आरती होगी। इसी स्थान से शाम 4 बजे विशाल शोभायात्रा निकाली जायेगी। यह शोभायात्रा चौक बाजार, कोतवाली, महल तिराहा, छत्रसाल चौक से होते हुए मोटे के महावीर मंदिर प्रांगण पहुंचेगी जहां इसका विराम होगा। गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धालु बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। भगवान परशुराम सेवा समिति ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और भगवान परशुराम का आशीर्वाद प्राप्त करें।

