लवकुशनगर,जावेद खान। जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुधौरा पंचायत के संलग्न गांव कचेरन पुरवा में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। बकरी चराने खेत गए दो 12 वर्षीय बच्चों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान रंजीत पाल पुत्र रजवा पाल और आबिद खान पुत्र शहीद खान के रूप में हुई है। दोनों ही कचेरन पुरवा गांव के निवासी थे।


घटना के अनुसार दोनों बच्चे घर से बकरी चराने के लिए खेत में गए थे। पानी पीने के लिए वे कुएं के पास पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार दोनों एक-दूसरे का हाथ पकड़कर कुएं में पानी पीने उतरे, लेकिन अचानक हाथ छूट गया। पहले आबिद खान कुएं में गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए रंजीत पाल भी कुएं में कूद गया। दोनों ही पानी में डूब गए।


घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मदद की कोशिश की। लवकुशनगर थाना प्रभारी अजय अम्बे की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने रंजीत पाल का शव कुएं से बरामद कर लिया, जबकि आबिद खान के शव की तलाश जारी है। पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चल रहा है। दोनों बच्चों के डूबने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।