सागर,जीशान खान। डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय में योग विभाग को कम्प्यूटर साइंस विभाग में स्थानांतरित करने का आदेश फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव द्वारा जारी इस आदेश के बाद छात्रों का विरोध समाप्त हो गया है।
गौरतलब है कि 08 जनवरी को जारी स्थानांतरण आदेश के विरोध में योग विभाग के छात्र लगातार यह मांग कर रहे थे कि विभाग को वर्तमान पतंजलि भवन में ही संचालित किया जाए। छात्रों का कहना था कि योग क्रियाओं एवं अभ्यास के लिए वर्तमान भवन अधिक उपयुक्त और सुविधाजनक है। विभागाध्यक्ष द्वारा भी प्रशासन से इसी संबंध में आग्रह किया गया था।
विवि प्रशासन ने छात्रों और विभाग की मांगों को ध्यान में रखते हुए स्थानांतरण आदेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया। इस संबंध में विश्वविद्यालय के सुरक्षा अधिकारी प्रो. राजेंद्र यादव, विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल जैन और प्रभारी मीडिया अधिकारी ने अनशन पर बैठे छात्रों को जानकारी दी।
आदेश की जानकारी मिलने के बाद छात्रों ने संतोष जताते हुए अपना क्रमिक अनशन समाप्त कर दिया और विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

