बकस्वाहा, राजू दुबे। क्षेत्र के सेमरा पुल पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि सागर से शाहगढ़ की ओर जा रहे बाइक सवार तीन युवकों को सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार राम मिलन सौर (22 वर्ष) निवासी राजा बिलहरा खुरखी और विशाल सौर (21 वर्ष) निवासी पापेट छानबीला जिला सागर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल गोविंद सौर निवासी बरखेरी सागर को तत्काल जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बकस्वाहा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

