पन्ना, अमित सिंह। पन्ना जिले में एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पन्ना-पहाड़ीखेरा मार्ग पर निर्माणाधीन नगरपालिका गेट के सामने सुनहरा मोड़ के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक क्रिकेट खेलकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद ट्रक चालक और क्लीनर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन मार्ग और सुनहरा मोड़ पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

