भोपाल, जीतेन्द्र यादव। भोपाल में लगातार हो रही सीलिंग की कार्रवाई के विरोध में अवधपुरी मार्केट के व्यापारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। व्यापारियों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार से पहले स्पष्ट मास्टर प्लान लाने और उसके बाद ही कार्रवाई करने की मांग की।
व्यापारियों का आरोप है कि शहर के कई बाजारों में बिना पर्याप्त नोटिस और स्पष्ट व्यवस्था के दुकानों को सील किया जा रहा है। इससे छोटे और मध्यम व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है और रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
अवधपुरी मार्केट में बड़ी संख्या में व्यापारी एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए प्रशासन से बातचीत की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि विकास और कानून व्यवस्था जरूरी है, लेकिन कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए जिससे व्यापारियों का कारोबार पूरी तरह प्रभावित न हो।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। व्यापारिक संगठनों ने भी व्यापारियों के प्रदर्शन को समर्थन देते हुए एकजुटता दिखाई है।
फिलहाल अवधपुरी मार्केट सहित भोपाल के कई इलाकों में सीलिंग कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। अब व्यापारियों की मांग और प्रदर्शन पर सरकार एवं प्रशासन के रुख का इंतजार है।













