अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम। अजयगढ़ क्षेत्र में बीते 48 घंटे से भी अधिक समय से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण क्षेत्र की प्रमुख नदियाँ और नाले उफान पर हैं, जिससे बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए हैं।
उफान पर नदियाँ, लबालब हुए तालाब
अजयगढ़ क्षेत्र से होकर बहने वाली केन नदी, रुन्झ नदी और बागे नदी सहित तमाम छोटे-बड़े नाले उफान पर हैं। नगर के सभी प्रमुख तालाब पूरी तरह लबालब भर चुके हैं। नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा मंडराने लगा है।
कई गांवों का संपर्क टूटा, जोखिम उठा रहे लोग
लगातार बारिश के चलते दर्जनों गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क टूट गया है। रास्ते बंद होने के बावजूद कई जगहों पर लोग जान जोखिम में डालकर उफनते नदी-नालों को पार करते हुए देखे जा रहे हैं। प्रशासन ने इस पर चिंता जताते हुए लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
22 अगस्त तक स्कूलों में छुट्टी घोषित
क्षेत्र में बिगड़ते मौसम और बाढ़ के खतरे को देखते हुए पन्ना कलेक्टर ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जिले के सभी स्कूलों में 22 अगस्त तक छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं।
प्रशासन की अपील
बाढ़ की स्थिति पर प्रशासनिक अधिकारी लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे उफान पर चल रहे नदी-नालों और रपट्टों को पार करने का जोखिम न उठाएं और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।














