दहशत फैलाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

Advertisement
छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा जुन्नारदेव थाना अंतर्गत पुलिस चौकी अंबाडा क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने क्षेत्र में पैदल जुलूस निकाला। इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश देना बताया गया है।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में विकास उर्फ मोनू कहार, आकाश उर्फ टिब्बू कहार एवं विशाल उर्फ झंडू कहार शामिल हैं। तीनों आरोपी अंबाडा के वार्ड क्रमांक 17 के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में गुंडागर्दी, डराने-धमकाने और असामाजिक गतिविधियों के जरिए लोगों में भय का माहौल बना रहे थे।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आरोपियों का पैदल जुलूस निकाला गया, जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और असामाजिक तत्वों में कानून का भय बना रहे। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों को सार्वजनिक रूप से जवाबदेह ठहराया जाएगा।
पुलिस चौकी प्रभारी अंबाडा एवं थाना जुन्नारदेव पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई में निरीक्षक जगोतिन मसराम (थाना प्रभारी, जुन्नारदेव), उप निरीक्षक संजय सोनवानी (चौकी प्रभारी, अंबाडा), उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे सहित आरक्षक रामअवतार तिवारी, नितेश पाल, योगेश जांगले, अमित सिडाम एवं थाना-चौकी का अन्य पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।
