कोलकाता। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पहली बार श्री हनुमान कथा के लिए पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता पहुंच चुके हैं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनके आगमन के साथ ही आस्था और भक्ति का अभूतपूर्व सैलाब देखने को मिला।

विमानतल से बाहर निकलते ही सैकड़ों की संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, विशाल पुष्पमालाएं और पारंपरिक अंगवस्त्र भेंट कर उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान पूरा एयरपोर्ट परिसर ‘जय श्री राम’ और ‘जय श्री बागेश्वर बालाजी सरकार’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 6 सितंबर तक कोलकाता प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान हावड़ा स्थित लिलुआ पार्क में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में वे श्रद्धालुओं को श्री हनुमान कथा का अमृतपान कराएंगे। पश्चिम बंगाल में उनके पहले आधिकारिक आयोजन को लेकर स्थानीय भक्तों और सनातन धर्मावलंबियों में जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है। एयरपोर्ट से लेकर आयोजन स्थल तक बागेश्वर सरकार के स्वागत में विशेष तोरण द्वार बनाए गए हैं और पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच भक्तिमय माहौल व्याप्त है।