सतना,अंबिका केशरी। सतना से चित्रकूट जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस मंगलवार दोपहर स्टेट हाईवे पर हादसे का शिकार हो गई। हाटी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर बस सड़क किनारे पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 10 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नफीस ट्रेवल्स की बस (क्रमांक MP 17 P1108) दोपहर करीब एक बजे सतना से चित्रकूट की ओर जा रही थी। बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी और जैसे ही वह हाटी मोड़ के पास पहुंची, अचानक सामने एक ऑटो आ गया। ऑटो को बचाने के प्रयास में बस चालक ने तेज मोड़ लिया, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के तुरंत बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। कई लोग गंभीर रूप से घायल थे, जिन्हें प्राथमिक सहायता देने के बाद एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को 112 एंबुलेंस के माध्यम से सतना जिला अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों की टीम द्वारा घायलों का उपचार किया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को विशेष निगरानी में रखा गया है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस की तेज रफ्तार और अचानक सामने आए ऑटो को बचाने का प्रयास बताया जा रहा है। हालांकि, पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। बस चालक से भी पूछताछ की जा रही है और वाहन की स्थिति की भी जांच की जाएगी।
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


